आदित्यपुर ज्वेलरी लूट का बड़ा आरोपी गिरफ्तार, पटना-मुंबई-दिल्ली में काट रहा था फरारी

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित ईश्वर लाल ज्वेलर्स में वर्ष 2023 में हुई लूट के मामले में पुलिस ने करीब तीन साल बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश राय उर्फ नायडू यादव उर्फ सुरेश उर्फ लेदू (26) के रूप में हुई है। वह बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र स्थित कंचनपुर गांव का निवासी है। सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गियारी के अनुसार, 6 अगस्त 2023 को लाल बिल्डिंग के पास स्थित ज्वेलरी दुकान में हथियार का भय दिखाकर करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूटे गए थे। इस मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 243/2023 दर्ज किया गया था।


पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पटना, मुंबई और दिल्ली में छिपकर रह रहा था। पुलिस की टीम पिछले चार-पांच महीनों से वैशाली जिले में उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार 26 अक्टूबर को उसे कंचनपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने लूटकांड में अपनी और अन्य आरोपियों की संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अवैध शराब कारोबार, मारपीट, अपहरण और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले भी दर्ज होने की जानकारी मिली है। छापेमारी दल में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, पु.अ.नि. असलम अंसारी, स.अ.नि. धर्मराज कुमार और आरक्षी दीपक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


