चर्च के फादर पर जानलेवा हमला, विरोध में साढ़े छह घंटे सड़क जाम, हालत गंभीर

खूंटी : आरसी संत मिखाइल मध्य विद्यालय के प्राचार्य और संत मिखाइल महागिरजाघर के पुरोहित फादर बेनेदिक्त बारला पर मंगलवार रात अज्ञात अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। बुधवार सुबह वे स्कूल परिसर में खून से लथपथ हालत में मिले। उन्हें पहले खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के विरोध में बुधवार को लोगों ने खूंटी बंद कराया और साढ़े छह घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। बाद में डीसी और एसपी के आश्वासन पर प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त किया।


आरसी चर्च के फादर निकोलस के अनुसार, बुधवार सुबह स्कूल पहुंची एक महिला ने फादर बारला को घायल अवस्था में देखा था। महिला ने पारिस हाउस पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस अब उस महिला की तलाश कर रही है। जांच के दौरान स्कूल के कार्यालय में सामान बिखरा मिला। घटनास्थल पर खून के निशान मिटाने के प्रयास के संकेत भी मिले हैं। पुलिस ने फादर का मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसकी जांच की जा रही है। खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज से घटना मंगलवार रात करीब नौ बजे की प्रतीत होती है। उस समय फादर परिसर का निरीक्षण करने निकले थे। आशंका जताई जा रही है कि पहले से घात लगाए दो-तीन लोगों ने उन पर हमला किया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना से आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने डीसी को नौ सूत्री मांगपत्र सौंपकर विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन, फॉरेंसिक जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, मार्शल बरला और अध्यक्ष चंद्र प्रभात मुंडा ने हमले के पीछे बड़ी साजिश की आशंका जताते हुए मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है।


