मां की हत्या कर रसोईघर में दफनाया शव, 57 दिन बाद आरोपी बेटा गिरफ्तार

जमशेदपुर : ओडिशा में अपनी मां की हत्या कर शव को किराए के मकान की रसोई में दफनाने के आरोपी बेटे को पुलिस ने 57 दिन बाद झारखंड के जमशेदपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गजपति जिले के मूल निवासी मदन गजानन दलेई (40) के रूप में हुई है। वह जमशेदपुर की एक दुकान में काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है, लेकिन वारदात के पीछे का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

मामला ओडिशा के पुरी स्थित कुंभारपाड़ा इलाके का है। यहां मदन गजानन दलेई अपनी मां अन्नपूर्णा के साथ किराए के मकान में रहता था। 24 अगस्त को मकान मालिक ने बंद कमरे से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद महिला का शव बरामद हुआ। घटना के बाद फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने ओडिशा के अलावा झारखंड, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में भी छानबीन की।
पुरी के पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह के अनुसार, आरोपी करीब 57 दिनों तक लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा और मोबाइल फोन का बहुत कम इस्तेमाल करता था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर उसे जमशेदपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी ने अपराध कबूल किया है, लेकिन हत्या की वजह नहीं बताई है।


