बीआइएस ने 15 उद्योगों को किया सम्मानित, मानक महोत्सव में स्वच्छ ऊर्जा पर जोर

जमशेदपुर : विश्व मानक दिवस 2026 के मौके पर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआइएस) के जमशेदपुर शाखा कार्यालय ने बुधवार को बिष्टुपुर के एक होटल में ‘मानक महोत्सव’ आयोजित किया. कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘बेहतर विश्व के लिए साझा दृष्टिकोण: सतत विकास लक्ष्य-7 के तहत सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा’ था. इसमें उद्योग, औद्योगिक संघों, शिक्षण-अनुसंधान संस्थानों और सरकारी विभागों के करीब 175 प्रतिनिधि शामिल हुए.


मुख्य अतिथि जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि उद्योगों और एमएसएमई को मानकों को सिर्फ नियमों की औपचारिकता नहीं, बल्कि अपनी प्रतिस्पर्धा क्षमता बढ़ाने का जरिया मानना चाहिए. बीआइएस जमशेदपुर के निदेशक एवं प्रमुख कुणाल कुमार ने बताया कि ब्यूरो अब तक करीब 23,800 भारतीय मानक बना चुका है. इसमें 394 तकनीकी समितियों और 33 हजार से अधिक विशेषज्ञों का योगदान रहा है.
समारोह में झारखंड में अलग-अलग उत्पादों के लिए बीआइएस का पहला लाइसेंस पाने वाले 15 उद्योगों को सम्मानित किया गया. इनमें टाटा स्टील, मेसर्स राजश्री कंक्रीट प्रोडक्ट्स, मेसर्स अम्वी पॉलीटेक एलएलपी, रूंगटा माइन्स लिमिटेड, खेतान एक्सट्रूजन्स, खेतान उद्योग, झारखंड इंजीनियरिंग वर्क्स, रॉयल टच फैबलॉन, निलकमल लिमिटेड और वैलोर वायर्स प्राइवेट लिमिटेड समेत अन्य शामिल रहे. ‘क्वालिटी कनेक्ट’ अभियान में बेहतर योगदान के लिए बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज, नुवोको विस्तास, मैथन स्टील एंड पावर, सिनर्जी पावर इक्विपमेंट और हिंदुस्तान टाइल्स को भी सम्मान मिला.


