वरिष्ठ IPS जितेंद्र कुमार बने RPF के नए महानिदेशक, 1 नवंबर से संभाल सकते हैं पदभार

जमशेदपुर : केंद्र सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत बिहार कैडर के 1993 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जितेंद्र कुमार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का नया महानिदेशक (डीजी) बनाया है. कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. मौजूदा आरपीएफ डीजी सोनाली मिश्रा 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रही हैं, जिसके बाद जितेंद्र कुमार संभवतः एक नवंबर से पदभार संभालेंगे.

जितेंद्र कुमार अभी बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) के महानिदेशक और केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही बहाली-सीएसबीसी) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. नई भूमिका में उन पर देशभर के रेलवे नेटवर्क, ट्रेनों और रोज सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों की सुरक्षा का जिम्मा होगा. बिहार सरकार जल्द ही उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए विरमित करने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी करेगी.


