दुर्गापूजा पर 15 से 21 अक्टूबर तक भारी वाहनों पर रोक, विसर्जन के दिन बसों और चारपहिया वाहनों पर भी प्रतिबंध

जमशेदपुर : दुर्गापूजा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए जिला प्रशासन ने 15 से 21 अक्टूबर तक भारी वाहनों के परिचालन पर समय के अनुसार प्रतिबंध लगाने का निर्देश जारी किया है। इसके तहत 15 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे से रात एक बजे तक बसों को छोड़कर सभी भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वहीं, 16 से 20 अक्टूबर तक सुबह पांच बजे से 11:30 बजे तक भारी वाहन दोनों दिशाओं में चल सकेंगे, लेकिन सुबह 11:30 बजे से अगले दिन सुबह पांच बजे तक बसों को छोड़कर अन्य भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इसी अवधि में मरीन ड्राइव पर भी सुबह 11:30 बजे से अगले दिन सुबह पांच बजे तक बसों को छोड़कर भारी व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही और पार्किंग पर रोक रहेगी।


प्रतिमा विसर्जन के दिन 21 अक्टूबर को सुबह छह बजे से विसर्जन पूरा होने तक विसर्जन मार्ग पर भारी वाहनों के साथ बसों और चारपहिया वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। प्रशासन ने शहर में सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पर भी रोक लगाई है। विशेष रूप से स्ट्रेट माइल रोड पर पारसी मंदिर से पुराना कचहरी मोड़, एमजीएम चौक और टेलीफोन एक्सचेंज रोड में भारी वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित होगी। इसके अलावा बंगाल क्लब से नौ नंबर टैक्सी स्टैंड, नौ नंबर टैक्सी स्टैंड से आरडी टाटा गोलचक्कर, नीलडीह गोलचक्कर से लेबर ब्यूरो गोलचक्कर, कदमा थाना से रंकिणी मंदिर चौक, एनएमएल गोलचक्कर से बर्मामाइंस टैक्सी स्टैंड गोलचक्कर और मानगो चौक से पारडीह चौक तक सड़क पर भारी वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी।
हालांकि, 15 से 21 अक्टूबर तक पीएचइडी, बिजली विभाग, रेडक्रॉस सोसाइटी और अग्निशमन विभाग के वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है। जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से निर्धारित समय और मार्ग संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि दुर्गापूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।


