श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को कंटेनर ने मारी टक्कर, 4 की मौत और 25 घायल

Advertisements

सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कंटेनर ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मेरठ के सरधना क्षेत्र के गांव कुशावली निवासी चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 20 से 25 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना सुबह करीब आठ बजे देवबंद स्टेट हाईवे पर फ्लाईओवर के पास सर्वोदय ज्ञान स्कूल के नजदीक हुई। श्रद्धालु नवरात्र के अवसर पर मां शाकुंभरी देवी की ज्योत लेकर अपने गांव लौट रहे थे। पूरी रात यात्रा करने के बाद वे देवबंद में एक दुकान पर चाय-पानी के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से आए कंटेनर ने ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली में बैठे श्रद्धालु उछलकर करीब दस फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। मृतकों की पहचान अमन राणा (25), रमेश उर्फ रिंकू (55), सागर (22) और पंकज (25) के रूप में हुई है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। डीएम अरविंद चौहान ने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है। हालांकि, डीएम ने हादसे में दो लोगों की मौत की जानकारी दी, जबकि अन्य विवरणों में चार श्रद्धालुओं की मौत बताई गई है। दुर्घटनास्थल जिला मुख्यालय से करीब 48 किलोमीटर दूर है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements
https://bashisthaonline.in

About The Author

You may have missed