ठंडी हवाओं से गिरेगा तापमान, 11 अक्टूबर तक बारिश थमने और ठंड बढ़ने के आसार

रांची : झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है। राज्य में हल्की बारिश का दौर 11 अक्टूबर तक समाप्त होने और मानसून की विदाई होने की उम्मीद है। अब तक झारखंड के 11 जिलों से मानसून लौट चुका है, जबकि रांची के कुछ हिस्सों सहित 13 जिलों से अगले चरण में मानसून की वापसी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, रांची समेत दक्षिणी झारखंड के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन कमजोर पड़ रहा है। इसके कारण बादल छंटने लगे हैं और हवाओं की दिशा बदल रही है। दक्षिण-पूर्वी हवाओं की जगह अब उत्तर और पश्चिम दिशा से हवाएं आ रही हैं। मानसून की पूरी तरह वापसी से पहले ही राज्य के कई इलाकों में तापमान कम होने लगा है। आने वाले दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है। दुर्गापूजा के दौरान रांची का तापमान 14 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। ऐसे में रात के समय ठंड बढ़ सकती है और लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है। बारिश के साथ शुष्क और ठंडी हवाओं का असर तापमान पर पड़ सकता है। उत्तरी और पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ना राज्य से मानसून की वापसी का संकेत माना जा रहा है। मौसम में इस बदलाव के कारण रात के समय ठंड का असर और बढ़ने की संभावना जताई गई है।


