ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर डिजिटल तरीके से अवैध वसूली का आरोप, SSP से शिकायत

Advertisements

जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर डिजिटल तरीके से अवैध वसूली करने का आरोप लगा है। सिदगोड़ा बारा रोड निवासी और ट्यूब कंपनी के कर्मचारी अरुण कुमार ने एसएसपी को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और दोषी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग की है। अरुण कुमार के अनुसार, वह बुधवार को पत्नी के साथ पुराने कोर्ट में एसआईआर सुधार कराने गये थे। लौटते समय उनकी गाड़ी साकची में वन-वे यानी नो-एंट्री वाले रास्ते में चली गयी। उनका कहना है कि उन्हें इस नियम की जानकारी नहीं थी और वहां तैनात ट्रैफिक सिपाही ने उनकी गाड़ी रोक ली।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

अरुण कुमार का आरोप है कि सिपाही ने चालान या जुर्माने के नाम पर पहले एक हजार रुपये मांगे। नकद रुपये नहीं होने की बात कहने पर पास में सब्जी बेच रहे एक विक्रेता के यूपीआई स्कैनर पर 520 रुपये ट्रांसफर करने को कहा गया। अरुण के अनुसार, उन्होंने 520 रुपये ट्रांसफर कर दिये, जिसके बाद सब्जी विक्रेता ने 20 रुपये कमीशन काटकर 500 रुपये सिपाही को नकद दे दिये। आरोप है कि रुपये लेने के बावजूद उन्हें जुर्माने की कोई रसीद नहीं दी गयी।

अरुण कुमार ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि चालान काटने के बजाय दूसरे व्यक्ति के यूपीआई खाते में रुपये ट्रांसफर कराकर बाद में नकद लिया गया। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

About The Author