दुर्गा पूजा से पहले बार-रेस्टोरेंट की जांच तेज, खामियां मिलने पर संचालकों को चेतावनी

जमशेदपुर : दुर्गा पूजा को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार रात धालभूम एसडीओ अर्णव मिश्रा के नेतृत्व में शहर के कई बार और रेस्टोरेंट में जांच और छापेमारी की गई। अभियान में आबकारी विभाग और अग्निशमन विभाग की टीम भी शामिल रही।


जांच के दौरान अधिकारियों ने बार और रेस्टोरेंट के नक्शे, स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस और सुरक्षा से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की। अग्निशमन से संबंधित सुरक्षा मानकों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। कई स्थानों पर दस्तावेजों और व्यवस्थाओं में खामियां मिलने के बाद संचालकों को जरूरी दस्तावेज दुरुस्त करने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का मौका देते हुए चेतावनी दी गई।
एसडीएम ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग बार और रेस्टोरेंट में पहुंचते हैं और लापरवाही से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए उपायुक्त के आदेश पर यह जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


