टाटानगर स्टेशन के विकास कार्यों का निरीक्षण, पार्किंग और सड़क का काम जल्द पूरा करने का आदेश

जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के उप महाप्रबंधक मनीष जैन ने सोमवार को टाटानगर स्टेशन का निरीक्षण किया। हावड़ा राउरकेला वंदे भारत ट्रेन से टाटानगर के तीन नंबर प्लेटफार्म पर उतरने के बाद उन्होंने सबसे पहले बर्मामाइंस स्टेशन के सेकेंड गेट पर शुरू कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान चक्रधरपुर के डीआरएम तरुण हुरिया ने उन्हें पार्किंग स्थल पर स्टेशन का नया भवन बनने और अन्य कार्यों की जानकारी दी।


मनीष जैन ने स्टेशन विकास के तहत बन रही नई फोर लाइन सड़क और पार्किंग के कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित एजेंसी को पार्किंग और सड़क का काम जल्द पूरा करने का आदेश दिया, ताकि मेन गेट की ओर पोर्टिको और पार्किंग, मेन स्टेशन भवन, प्लेटफार्म एवं अन्य निर्माण कार्य शुरू किये जा सकें।
निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, सीनियर परिचालन प्रबंधक मनीष पाठक के अलावा विभिन्न विभागों के मंडल पदाधिकारी भी मौजूद थे।


