पहली बार होगा ‘भजन क्लबिंग’, 3 नवंबर को साधु तिवारी देंगे लाइव प्रस्तुति

जमशेदपुर : शहर में पहली बार ‘भजन क्लबिंग’ का आयोजन 3 नवंबर को सरायकेला मेन रोड स्थित व्हाइट एम्पोरियो कन्वेंशन सेंटर और रिसॉर्ट में किया जाएगा। कार्यक्रम में पारंपरिक भक्ति संगीत को आधुनिक संगीत और डीजे बीट्स के साथ पेश किया जाएगा। मुख्य आकर्षण ख्यातिप्राप्त गायक एवं संगीतकार साधु तिवारी (हनुमान अंश) की लाइव प्रस्तुति होगी। उनके साथ सूरत का बैंड भी प्रस्तुति देगा। कार्यक्रम का प्रबंधन ओम साईं इवेंट्स की ओर से किया जा रहा है।


सोनारी मरीन ड्राइव में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आशुतोष तिवारी, राहुल तिवारी और पंडित अभिषेक पाठक ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पास जारी किए जाएंगे। आयोजन स्थल पर तीन हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गयी है। अलग-अलग तरह की सीटिंग अरेंजमेंट के साथ लोगों के लिए सात्विक खान-पान की व्यवस्था भी रहेगी।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में लाइव भजन के साथ डीजे बीट्स, भक्तिमय नृत्य और सामूहिक कीर्तन का संगम देखने को मिलेगा। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को सांस्कृतिक जड़ों, सनातन मूल्यों और भक्ति परंपरा से आधुनिक अंदाज में जोड़ना है। संवाददाता सम्मेलन में यश राय चंद, निहारिका सिंह, राकेश तिवारी, राजीव विल्सन और आमोद मिश्रा भी मौजूद रहे।


