अजय मल्लाह की हत्या के इरादे से पहुंचा था अनूप बंगाली, लोडेड देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार

Advertisements

जमशेदपुर : बागबेड़ा पुलिस ने वायरलेस मैदान के पास से 42 वर्षीय अनूप चक्रवर्ती उर्फ अनूप बंगाली को लोडेड देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अनूप हाल में जेल से बाहर आये अजय मल्लाह की हत्या करने के इरादे से बागबेड़ा पहुंचा था और वायरलेस मैदान में उसके आने का इंतजार कर रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अनूप के खिलाफ वर्ष 2000 से 2026 तक हत्या, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल 17 मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। वह बागबेड़ा थाना क्षेत्र में साईं मंदिर के पास रहता है।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

पुलिस के अनुसार, एक अक्तूबर की रात करीब 11.45 बजे अनूप के हथियार लेकर वायरलेस मैदान के पास घूमने की सूचना मिली थी। बागबेड़ा थाना में सनहा दर्ज करने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर अनूप भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसकी कमर से देसी कट्टा मिला। उसे अनलोड करने पर एक जिंदा गोली बरामद हुई, जिसके निचले हिस्से पर बीएमएम केएफ लिखा था। हथियार के कागजात मांगने पर वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद कट्टा और गोली जब्त कर सीलबंद कर दी गयी।

पुलिस की पूछताछ में अनूप ने बताया कि अजय मल्लाह उसका दुश्मन है और उसे आशंका थी कि अजय उसे मारना चाहता है। पुलिस के मुताबिक, अजय के जेल से बाहर आने की जानकारी मिलने के बाद अनूप अपने गांव से बागबेड़ा आया था। उसे सूचना मिली थी कि अजय शाम को वायरलेस मैदान में खाने-पीने के लिए आने वाला है, जिसके बाद वह कट्टा लेकर वहां पहुंचा। पूछताछ में अनूप ने यह भी बताया कि उसने करीब पांच साल पहले भोलू नाम के व्यक्ति से कट्टा लिया था, जो कदमा में गणेश महली के घर के पास रहता था और हथियार की सप्लाई करता था। अनूप के अनुसार, भोलू की हाल में मौत हो चुकी है। मामले में बागबेड़ा थाना में 2 अक्तूबर को केस दर्ज किया गया है। छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था सुमित कुमार, बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक जेवियर होरो और थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

About The Author

You may have missed