जनगणना 2027 में ‘आदिवासी धर्म’ के लिए अलग कॉलम की मांग, संजय सिंह को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर : आदिवासी जन परिषद के एक प्रतिनिधिमंडल ने जनगणना 2027 के प्रस्तावित प्रपत्र में धर्म के कॉलम के तहत ‘आदिवासी धर्म’ के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग की है। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद संजय सिंह को ज्ञापन सौंपकर इस मुद्दे को संसद में उठाने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि देश के आदिवासी समुदायों की अपनी विशिष्ट धार्मिक परंपराएं, प्रकृति आधारित आस्थाएं, पूजा-पद्धतियां और सांस्कृतिक मान्यताएं हैं। इसी आधार पर जनगणना प्रपत्र में ‘आदिवासी धर्म’ का अलग कॉलम उपलब्ध कराने की मांग की गयी है, ताकि आदिवासी समाज अपनी धार्मिक पहचान को जनगणना में दर्ज करा सके। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद संजय सिंह से इस मांग को संसद के समक्ष रखने और केंद्र सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित कराने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह मुद्दा केवल धार्मिक पहचान तक सीमित नहीं है, बल्कि आदिवासी समाज की परंपरा, संस्कृति और अस्तित्व से भी जुड़ा है। प्रतिनिधिमंडल में आदिवासी जन परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष प्रेम शाही मुण्डा, केंद्रीय सचिव विष्णु मुण्डा और आदिवासी बचाओ संघर्ष समिति के आशुतोष चेरो समेत अन्य शामिल रहे।


