दुर्गा पूजा में बिजली हादसों से बचाव के लिए JBVNL की अपील, हेल्पलाइन नंबर भी जारी

रांची : दुर्गा पूजा के दौरान बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने पूजा आयोजकों और आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। निगम ने कहा है कि पूजा पंडालों में केवल वैध बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल किया जाये और निर्धारित लोड के अनुरूप एमसीबी, आइसोलेटर तथा मेन स्विच जैसे सुरक्षा उपकरण लगाये जायें। इन उपकरणों का उपयोग प्रशिक्षित तकनीकी कर्मियों की देखरेख में करने, सजावट और लाइटिंग के तार सुरक्षित तरीके से लगाने तथा बिजली के केबल और अन्य उपकरणों को ज्वलनशील पदार्थों से दूर रखने की सलाह दी गयी है। बिजली पैनल को ढककर रखने और भीड़ से सुरक्षित दूरी पर लगाने को भी कहा गया है।

जेबीवीएनएल ने पूजा पंडालों का निर्माण बिजली की लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाकर करने, बिजली के खंभों और तारों को छूने से बचने तथा कंट्रोल या स्विच पैनल के पास प्रशिक्षित विद्युतकर्मी की निगरानी रखने की अपील की है। आग की आशंका को देखते हुए उचित स्थान पर अग्निशामक यंत्र और बालू भरी बाल्टी रखने की सलाह भी दी गयी है। मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान वाहनों की छत पर किसी व्यक्ति को नहीं बैठाने और ऐसी सामग्री नहीं रखने को कहा गया है, जिससे बिजली के तारों के संपर्क में आने का खतरा हो। जुलूस में शामिल लोगों से भी बिजली के खंभों और तारों से सुरक्षित दूरी बनाये रखने को कहा गया है।
बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या या शिकायत के लिए विद्युत आपूर्ति अंचल, रांची के नंबर 9431135682 और जेबीवीएनएल जन शिकायत निवारण केंद्र के 9031110118, 9031110119 एवं 9031110120 पर संपर्क किया जा सकता है। निगम ने विद्युत अधीक्षण अभियंता, रांची के लिए 9431135662, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल रांची केंद्रीय के लिए 9431135613, डोरंडा के लिए 9431135608, न्यू कैपिटल के लिए 9431135620, रांची पूर्वी के लिए 9431135614, रांची पश्चिमी के लिए 9431135664, कोकर के लिए 9431135615 और हटिया के लिए 9431135616 नंबर जारी किये हैं।


