परसुडीह में श्रद्धा के साथ मना भगवान चित्रगुप्त का वार्षिक पूजनोत्सव

जमशेदपुर : परसुडीह स्थित शिव मंदिर परिसर में बुधवार को श्री चित्रगुप्त महा परिवार की ओर से भगवान श्री चित्रगुप्त का वार्षिक पूजनोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कायस्थ समाज के लोगों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने कलम-दवात के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त की पूजा कर सुख-समृद्धि, ज्ञान और सद्बुद्धि की कामना की।


पूजन की शुरुआत पुरोहितों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा और तस्वीर स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना, अभिषेक और हवन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने कलम, दवात और बही-खातों की भी पूजा की। हवन की पूर्णाहुति के बाद महाआरती हुई और श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद एवं भोग का वितरण किया गया।
इस अवसर पर श्री चित्रगुप्त महा परिवार के पदाधिकारियों ने भगवान चित्रगुप्त को कर्म और न्याय का प्रतीक बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने तथा कायस्थ समाज के लोगों को एकजुट रहकर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। आयोजन में जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज, कमेटी के मुख्य संरक्षक लाला अजित कुमार अम्बष्ट, मनोज सिन्हा, अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, कार्यकारी अध्यक्ष सुजीत अम्बष्ट और सचिव सूरज सिन्हा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


