सूर्य मंदिर में 25वें छठ महोत्सव की तैयारी तेज, 1100 व्रतियों को मिलेगी निःशुल्क पूजन सामग्री

जमशेदपुर : सिदगोड़ा स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर परिसर में 25वें रजत जयंती छठ महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को भव्य बनाने के लिए मंदिर परिसर और दोनों तालाबों की साफ-सफाई, सजावट और विद्युत व्यवस्था का काम तेजी से किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच छठ महापर्व मनाने का अवसर मिलेगा। बुधवार को भालूबासा स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी और मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने तैयारियों की जानकारी दी।


समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि महोत्सव के 25वें वर्ष को विशेष स्वरूप दिया जा रहा है। मंदिर परिसर के दोनों तालाबों की सफाई और सतह की पेंटिंग के बाद उनमें स्वच्छ जल भरा जाएगा। मंदिर परिसर और प्रमुख पहुंच मार्गों की सफाई के साथ फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजावट की जाएगी। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सेवा एवं सुरक्षा के लिए स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। आयोजन पूर्व मुख्यमंत्री एवं मुख्य संरक्षक रघुवर दास और संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह के मार्गदर्शन में होगा। इसमें जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू समेत शहर के कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।
महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए मंदिर के सभी प्रवेश द्वार दोपहर 2 बजे खोल दिए जाएंगे। घाट पर पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर श्रद्धालुओं को स्थान मिलेगा। संध्या अर्घ्य के बाद शाम 7 बजे शंख मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें लोकगायिका आंखी दास, करीना पांडेय और सावित्री पांडेय के साथ स्थानीय कलाकार प्रस्तुति देंगे। वहीं, मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने बताया कि 14 नवंबर को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक पूर्वी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की तैयार सूची के आधार पर 1100 जरूरतमंद व्रतियों को निःशुल्क संपूर्ण पूजन सामग्री वितरित की जाएगी।


