डीप डिप्रेशन का असर जारी, झमाझम बारिश से सड़कें जलमग्न; खतरे के निशान से ऊपर खरकई नदी

जमशेदपुर : कोल्हान समेत पूरे झारखंड में लगातार चौथे दिन डीप डिप्रेशन का असर दिखाई दे रहा है। शुक्रवार सुबह से जमशेदपुर समेत कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। सुबह 5:00 बजे से आसमान में घने बादल छाए रहे और करीब 8.30 बजे के बाद मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। जमशेदपुर की कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं और मानगो छोटा पुलिया पर भी पानी भर गया है। निचले इलाकों में पानी बह रहा है। बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं और गरज के साथ बौछारें पड़ रही हैं।

लगातार बारिश से खरकई और स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। सुबह 10 बजे की रिपोर्ट के अनुसार खरकई नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी। खरकई का खतरे का निशान 129.00 मीटर है, जबकि जलस्तर 129.68 मीटर दर्ज किया गया। स्वर्णरेखा नदी का खतरे का निशान 121.50 मीटर है और उसका जलस्तर 120.54 मीटर दर्ज किया गया। लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के कारण जिले में बाढ़ की स्थिति बन गई है।
मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे या बिजली के खंभों के पास नहीं रुकने की सलाह दी गई है। मेघ गर्जन के समय घर के अंदर सुरक्षित रहने को कहा गया है।


