लगातार बढ़ रहा है खरकई नदी का जलस्तर, खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा, बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने जारी किया अलर्ट

Saraikela: लगातार बारिश के बीच खरकई नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. बाढ़ नियंत्रण कक्ष के मुताबिक खरकई नदी का प्रवाह खतरे के स्तर से ऊपर पहुंच गया है. जलस्तर रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि खरकई नदी का जलप्रवाह डेंजर लेवल से करीब 0.020 मीटर ऊपर है. खरकई पुल आदित्यपुर में नदी का खतरे का स्तर 129 मीटर दर्ज है, जबकि वर्तमान जलस्तर 129 मीटर के आसपास दर्ज किया गया है. नदी के जलस्तर और प्रवाह पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष की लगातार निगरानी बनी हुई है. ओडिशा के रायरंगपुर क्षेत्र से जुड़े बयांग्विल डैम और खरकई बांधों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है. रिपोर्ट के अनुसार बयांग्विल के दो गेट खुले हैं, जबकि खरकई बांध से संबंधित जलप्रवाह और गेट संचालन की भी निगरानी की जा रही है. जबकि गजिया बराज से जुड़े आंकड़े भी बाढ़ नियंत्रण व्यवस्था के तहत दर्ज किए गए हैं.जल संसाधन विभाग की टीम नदी और बांधों के जलस्तर की नियमित मॉनिटरिंग कर रही है, सबसे अहम बात यह है कि खरकई नदी का प्रवाह खतरे के निशान से ऊपर दर्ज होने के बाद निचले इलाकों में प्रशासनिक सतर्कता बढ़ गई है. बाढ़ नियंत्रण कक्ष से संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और जिला स्तर के अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है. फिलहाल नदी के जलस्तर और बांधों से छोड़े जा रहे पानी पर लगातार नजर रखी जा रही है, बारिश और जलप्रवाह की स्थिति में बदलाव होने पर नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, नदी का बढ़ता जलस्तर बता रहा है कि हालात पर नजर बनाए रखना बेहद जरूरी है, प्रशासन अलर्ट है और बाढ़ नियंत्रण कक्ष से पल-पल की स्थिति की निगरानी की जा रही है.




