चर्च स्कूल बेलडीह में नर्सरी-एलकेजी एडमिशन की तैयारी, 25 सितंबर से मिलेंगे फॉर्म

जमशेदपुर :- चर्च स्कूल, बेलडीह में सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी और एलकेजी में नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। स्कूल प्रबंधन ने आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराने और जमा करने की तिथियों की घोषणा कर दी है। नर्सरी में नामांकन के लिए आवेदन फॉर्म 25 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक, जबकि एलकेजी के फॉर्म 9 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध होंगे। अभिभावक सुबह 8 बजे से 11:30 बजे के बीच स्कूल के गेट नंबर-1 स्थित कैश काउंटर से फॉर्म प्राप्त कर सकेंगे। फॉर्म की कीमत 300 रुपये निर्धारित की गई है।


स्कूल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार नर्सरी में प्रवेश के लिए बच्चे का जन्म 1 अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 के बीच होना चाहिए। वहीं एलकेजी में प्रवेश के लिए जन्म तिथि 1 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2023 के बीच निर्धारित की गई है।
दोनों कक्षाओं के लिए भरे हुए आवेदन फॉर्म 27 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक जमा किए जाएंगे। फॉर्म जमा करने का समय भी सुबह 8 बजे से 11:30 बजे तक रहेगा। ऑफलाइन फॉर्म गेट नंबर-1 पर निर्धारित तिथियों में जमा किए जा सकेंगे। वहीं स्कूल की वेबसाइट से फॉर्म डाउनलोड करने वाले अभिभावकों को उसका प्रिंट निकालकर स्कूल के निर्देश के अनुसार कैश काउंटर पर जमा करना होगा।
स्कूल प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि छुट्टी के दिनों में कैश काउंटर बंद रहेगा। नामांकन के लिए लॉटरी की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है। स्कूल की ओर से बाद में लॉटरी की तारीख की जानकारी दी जाएगी। ऐसे में छोटे बच्चों के नामांकन को लेकर इच्छुक अभिभावकों के लिए आवेदन की निर्धारित तिथियों और दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी समय रहते जुटाना महत्वपूर्ण होगा।


