युवती के घर पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ा, पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा

कोडरमा : कोडरमा थाना क्षेत्र के लोचनपुर गांव में रविवार की देर रात एक युवती से मिलने उसके घर पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवक पिछले दो-तीन दिनों से युवती से मिलने आ रहे थे। सोमवार की सुबह घर के पास मोटरसाइकिल देखकर ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद वे वहां पहुंचे और दोनों को पकड़ लिया।


ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दोनों युवक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में मिले थे। इसके बाद दोनों युवकों की पिटाई की गई। ग्रामीणों के अनुसार, युवती समेत तीनों को गांव में घुमाया गया और फिर बिजली के खंभे से रस्सी से बांधकर माफी मंगवाई गई। उन्हें भविष्य में इस तरह की घटना नहीं करने की हिदायत भी दी गई। घटना के बाद गांव में कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति रही।
घटना की सूचना मिलने पर कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि दोनों युवक रविवार की रात मोटरसाइकिल से युवती के घर गए थे। मोटरसाइकिल देखकर ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों में एक लोचनपुर और दूसरा लखीबागी का रहने वाला बताया गया है।


