भारत संस्कार के शिक्षा सप्ताह-2026 का समापन, डीएवी एनआईटी की छात्राओं ने नृत्य प्रतियोगिता में मारी बाजी


आदित्यपुर : राष्ट्र को समर्पित संस्था भारत संस्कार की ओर से आयोजित शिक्षा सप्ताह-2026 का रविवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ समापन हुआ। छात्राओं ने देशभक्ति से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व राष्ट्रपति एवं शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर की गई। देशभक्ति आधारित समूह एवं एकल नृत्य प्रतियोगिता में डीएवी एनआईटी की छात्राओं ने दोनों श्रेणियों में प्रथम स्थान हासिल किया।


पुरेंद्र नारायण सिंह ने बच्चों से अपनी प्रतिभा पहचानकर मेहनत के साथ आगे बढ़ने को कहा। उन्होंने नृत्यांगना सुधा चंद्रन, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और झारखंड कैडर के आईएएस रमेश घोलप के संघर्ष का उदाहरण दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुरुआती जीवन का जिक्र करते हुए भी बच्चों को कठिन परिस्थितियों से निराश नहीं होने और अपने लक्ष्य के लिए लगातार मेहनत करने की सीख दी। उन्होंने भारत संस्कार के अध्यक्ष विनोद वार्ष्णेय के प्रयासों की भी सराहना की।
समारोह में संस्था के संरक्षक रवींद्र नाथ चौबे, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षिका संध्या प्रधान, सेवानिवृत्त सरकारी कर्मी एवं सामाजिक कार्यकर्ता रामचंद्र पासवान, वार्ड संख्या 16 के पार्षद डॉ. नथुनी सिंह, शिक्षाविद एसडी प्रसाद, अधिवक्ता नरेंद्र प्रसाद, प्रिंसिपल उर्वशी प्रसाद सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि शिक्षा सप्ताह के दौरान बच्चों की प्रतिभा, व्यक्तित्व विकास, संस्कार और राष्ट्रप्रेम को केंद्र में रखकर अलग-अलग गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।


