तेज रफ्तार Hyundai i20 डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पहुंची, कार सवार मौके से चले गए



जमशेदपुर : मरीन ड्राइव पर मंगलवार रात करीब 9 बजे एक Hyundai i20 कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क की दूसरी लेन में जा पहुंची। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और डिवाइडर तथा सड़क के बीच फंस गई।


मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक हादसे के समय कार में दो लोग सवार थे। दोनों को हल्की चोटें आने की बात कही जा रही है। हालांकि हादसे के बाद दोनों कार को वहीं छोड़कर मौके से चले गए। वे किस दिशा में गए और फिलहाल कहां हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार का जायजा लिया। हादसे के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ भी जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना में किसी की मौत या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कार में कुल कितने लोग सवार थे और हादसे में किसे कितनी चोट आई। मामले की जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी।


