हाथी देखने पहुंचे ग्रामीण को सूंड से मारा धक्का, गंभीर रूप से घायल

Advertisements

गालूडीह : झुंड से बिछड़कर धातकीडीह और पाथरडीह क्षेत्र में घूम रहे हाथी को देखने जाना जगन्नाथपुर पाथरडीह गांव निवासी खोखन सिंह (40) को महंगा पड़ गया। मंगलवार को हाथी ने उन्हें सूंड से धक्का मार दिया, जिससे वह झाड़ी में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

अस्पताल में डॉ शंकर टुडू ने खोखन सिंह का प्राथमिक उपचार किया। उनके सिर में चोट लगी थी, जिसकी स्थिति स्पष्ट करने के लिए एक्स-रे कराया गया। उपचार के बाद उन्हें उनके बेटे सोनू सिंह के साथ घर भेज दिया गया। घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों में हाथी को लेकर दहशत बढ़ गई है। बताया गया कि झुंड से बिछड़ा हाथी पिछले कुछ समय से क्षेत्र में इधर-उधर घूम रहा है और उसकी मौजूदगी की सूचना मिलते ही ग्रामीण उसे देखने पहुंच रहे हैं। इसी दौरान खोखन सिंह भी हाथी के पास चले गए थे।

घाटशिला वन विभाग की टीम ने घटना की जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दे दी है और हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और न ही उसे घेरने या छेड़ने का प्रयास करें। वन विभाग हाथी को सुरक्षित तरीके से क्षेत्र से निकालकर उसके झुंड तक पहुंचाने की दिशा में भी निगरानी कर रहा है।

 

About The Author

You may have missed