चार लोगों की मौत पर गरमायी सियासत, तेजस्वी ने हाई लेवल जांच की मांग उठायी

Patna: जहरीले पेय पदार्थ के सेवन से चार लोगों की मौत का मामला अब राजनीतिक मुद्दा बन गया है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने घटना की हाई लेवल जांच कराने की मांग की है. उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि बिहार में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सका. तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार गंभीर घटनाएं हो रही हैं और गरीबों को ही इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.


घटना की जानकारी मिलने के बाद कृषि मंत्री विजय सिन्हा भी मृतकों के परिजनों से मिलने गांव पहुंचे और हरसंभव मदद का भरोसा दिया. उन्होंने बताया कि लोगों की ओर से जहरीले पेय जैसे पदार्थ के सेवन की बात कही जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी. उन्होंने बाढ़ के एसडीएम को मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के निर्देश दिये हैं. जांच में यदि जहरीले पेय पदार्थ से मौत की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी. वहीं, आरजेडी की बैठक को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि इसमें संगठन को मजबूत करने और आगे के कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा होगी. राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के अनुसार बैठक आज से 27 सितंबर तक चलेगी, जिसमें जनता के बीच जाने और संगठन को मजबूत करने से जुड़े बड़े फैसले लिये जायेंगे.


