फाइव डे बैंकिंग पर फिर गरमाया मुद्दा, देर तक बैठने की कार्यसंस्कृति पर उठे सवाल

जमशेदपुर : केनरा बैंक ऑफिसर्स ऑर्गेनाइजेशन (सीबीओओ) की बैठक में महासचिव नवीन सिंह ने बैंकिंग क्षेत्र में बढ़ती देर तक काम करने की संस्कृति, अनावश्यक लेट सिटिंग और कर्मचारी हितों के नाम पर होने वाले आंदोलनों पर सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि कार्यालय में देर तक बैठना कार्यकुशलता का पैमाना नहीं हो सकता. कर्मचारियों को परिवार और बच्चों के लिए भी पर्याप्त समय मिलना जरूरी है. फाइव डे बैंकिंग को लेकर उन्होंने यूएफबीयू के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों से घोषणाओं और आंदोलनों के बावजूद अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं हुए हैं. उन्होंने 17 अगस्त 2026 को बीएमएस के देशव्यापी प्रदर्शन को इस मुद्दे पर निर्णायक दबाव बनाने वाला कदम बताया.

नवीन सिंह ने कहा कि एनओबीओ को यूएफबीयू के सहारे की जरूरत नहीं है और बीएमएस के रूप में उसके पास मजबूत राष्ट्रव्यापी संगठनात्मक आधार है. डिफरेंशियल पीएलआइ पर उन्होंने कहा कि फ्लैश स्ट्राइक की घोषणा के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई. उनके मुताबिक अब कर्मचारियों को सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि नतीजे चाहिए. उन्होंने अधिकारियों के लिए विशेष संरक्षण, स्थानांतरण नीति, समान अवसर और निष्पक्ष प्रशासन जैसे मुद्दों पर संगठन की लड़ाई तेज करने की बात कही. उन्होंने कहा कि सीबीओओ सम्मानजनक कार्यस्थल, बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगा.


