सड़क सुरक्षा के लिए डिवाइडर की मांग, अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू

जमशेदपुर : गोलमुरी चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और यातायात व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने 28 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग चौक पर स्थायी डिवाइडर लगाने की है, ताकि वाहनों की आवाजाही नियंत्रित हो और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले इसी समस्या को लेकर एक दिवसीय धरना दिया गया था। उस समय प्रशासन ने एक सप्ताह के भीतर डिवाइडर लगाने या दुर्घटनाएं नियंत्रित करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया था। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी न डिवाइडर लगाया गया और न निगरानी के लिए कैमरा लगा। उनका आरोप है कि प्रशासन को पहले ही समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने दिन में बड़े वाहनों की आवाजाही पर पर्याप्त निगरानी न होने और इससे दुर्घटना का खतरा बने रहने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, आंदोलन शुरू होने के बाद अब तक प्रशासन का कोई अधिकारी या जनप्रतिनिधि बातचीत के लिए नहीं पहुंचा। आंदोलनकारियों ने कहा कि मांगों पर प्रभावी कार्रवाई होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस और संबंधित प्रबंधन से गोलमुरी चौक पर सड़क सुरक्षा के लिए तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है।


