दो बहनों ने गीता पाठ से बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

धनबाद : धैया निवासी बहनों प्रांजल मित्तल और आन्या मित्तल ने गीता पाठ के जरिए जिले का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है। दोनों सेंट्रल चिन्मय मिशन ट्रस्ट (इंडिया) के ऑनलाइन गीता चैंटिंग कार्यक्रम में शामिल होकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का हिस्सा बनीं। उपलब्धि के लिए दोनों को आधिकारिक प्रमाणपत्र और गोल्ड मेडल मिला है।


इस कार्यक्रम के लिए देश-विदेश से करीब 70 हजार लोगों ने पंजीकरण कराया था और करीब 30 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की प्रक्रिया और सत्यापन के बाद एक साथ गीता पाठ करने वाले 8,277 प्रतिभागियों की भागीदारी विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज की गई। प्रांजल ने श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का पाठ करीब पांच मिनट में पूरा किया। इसके लिए उसने लंबे समय तक उच्चारण और लय का अभ्यास किया।
आन्या ने भी बचपन से गीता के श्लोक सीखना शुरू कर दिया था। दोनों की मां प्रीति अग्रवाल को गीता के सभी 18 अध्याय कंठस्थ हैं और घर में नियमित अभ्यास से बहनों की संस्कृत एवं गीता में रुचि बढ़ी। परिवार ने कहा कि प्रांजल और आन्या की उपलब्धि से धनबाद और पूरे कोयलांचल का गौरव बढ़ा है।


