खड़े कोल वाहन से टकराया हाइवा, चालक की मौके पर मौत

चतरा : टंडवा के धनगड़ा घाटी में सड़क किनारे खड़े कोल वाहन में पीछे से एक हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हाइवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक का शव केबिन में फंस गया। काफी देर बाद गैस कटर से हाइवा का केबिन काटकर शव को बाहर निकाला गया। मृतक चालक बड़का गांव थाना क्षेत्र के सिकरी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने टंडवा कोयलांचल में कोयला परिवहन के दौरान सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि वाहन खराब होने के बाद कई बार उन्हें सड़क पर ही छोड़ दिया जाता है और दूसरे चालकों को सतर्क करने के लिए उचित संकेतक भी नहीं लगाए जाते। सिमरिया-टंडवा पथ पर दिन-रात कोयला लदे वाहनों का परिचालन होता है और रोजाना सैकड़ों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सीसीएल और जिला प्रशासन की ओर से अब तक स्पष्ट मुआवजा नीति नहीं बनाई गई है, जिससे हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को समुचित मुआवजा मिलने में परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि इस मुद्दे पर कई जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन भी किया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।


