प्रिंस खान के कथित पाकिस्तान कनेक्शन की NIA जांच, तथ्य मिले तो घोषित हो सकता है आतंकी

धनबाद : वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान के आपराधिक और कथित आतंकी नेटवर्क की जांच के लिए NIA की टीम गुरुवार को धनबाद पहुंची। एजेंसी विदेश में बने उसके संपर्कों और कथित पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़े साक्ष्य खंगाल रही है। जांच में तथ्य सही पाए जाने पर प्रिंस खान को आतंकी घोषित किया जा सकता है।


सूत्रों के अनुसार, दुबई में पत्नी और भाई के साथ रहने के दौरान प्रिंस खान का संपर्क पाकिस्तानी महिला फोजिया बलोच और उसके जीजा तौकिर बलोच से हुआ था। दावा है कि तौकिर बलोच ने उसे पाकिस्तान में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े लोगों तक पहुंचाया। हालांकि, NIA इन दावों की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
NIA ने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद समेत झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में दर्ज मामलों की जानकारी ली। एजेंसी उसके कथित गुर्गों, सहयोगियों, पुराने संपर्कों और विदेश से संचालित आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। SSP प्रभात कुमार के अनुसार, प्रिंस खान और उससे जुड़े संगठित अपराध की जानकारी NIA के साथ साझा की जा रही है।


