117 दागियों की थाने में परेड, एसपी ने दी अंतिम चेतावनी—सुधरें वरना जेल






पलामू : जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रविवार को चैनपुर थाना परिसर में 117 दागियों की परेड कराई गई। इनमें आर्म्स एक्ट के 33, हत्या के 26, लूट व छिनतई के 15, चोरी व नकबजनी के 15 और अन्य गंभीर मामलों से जुड़े 28 लोग शामिल थे। एसपी कपिल चौधरी खुद मौके पर पहुंचे और एक-एक व्यक्ति से उनके वर्तमान निवास, रोजगार, संगति और रोजमर्रा की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।


एसपी ने सभी को अपराध से दूर रहकर सामान्य जीवन जीने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक वारदात में नाम सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाना परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और एसडीपीओ राजेश कुमार यादव, थाना प्रभारी लालजी समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
पुलिस ने सभी 117 दागियों का विशेष डिजिटल डेटाबेस तैयार किया है, जिसमें उनकी वर्तमान तस्वीरें और फिंगरप्रिंट दर्ज किए गए हैं। पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम समय-समय पर इनके घरों पर औचक सत्यापन भी करेगी। पुलिस की रणनीति में निगरानी, अपराध रोकथाम और अपराध छोड़कर सामान्य जीवन जीने वालों के पुनर्वास पर भी जोर दिया गया है।


