पुरानी रंजिश में दो गुट भिड़े, चाकू-पत्थर से हमला; तीन युवक घायल






जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के रहरगोड़ा के पास शनिवार देर रात करीब एक बजे पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के युवकों में मारपीट हो गई। दोनों ओर से चाकू और पत्थर से हमला किया गया। घटना में एक पक्ष से प्रीतम सिंह और जय किशन घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से प्रकाश ठाकुर जख्मी हो गया। गंभीर चोट लगने के कारण प्रीतम सिंह को टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि प्रकाश ठाकुर का इलाज एमजीएम अस्पताल में हुआ।


जय किशन का आरोप है कि प्रकाश ठाकुर अक्सर उसकी छवि खराब करने की कोशिश करता है। शनिवार को दिन में भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। बाद में कॉमन फ्रेंड मोहन यादव समझौता कराने के लिए जय किशन और प्रीतम को रहरगोड़ा ले गया। जय किशन के मुताबिक वहां मोहन ने पहले हमला किया और प्रकाश ने चाकू से वार किया। बीच-बचाव के दौरान प्रीतम पर पत्थर और चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
दूसरी ओर प्रकाश ठाकुर का कहना है कि जय किशन एक दोस्त की बहन से बार-बार बात करता था, जिसे लेकर उसने उसे मना किया था। प्रकाश के अनुसार रहरगोड़ा में बातचीत के दौरान प्रीतम ने पीछे से पकड़कर चाकू से हमला किया, जिसके बाद उसने बचाव में पत्थर चलाया और दोनों पक्षों में मारपीट हुई। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से लिखित शिकायत ली जा रही है और शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


