अनियंत्रित बाइक बिजली के खंभे से टकराई, युवक की मौत






जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में पानी टंकी के पास शनिवार देर रात करीब 12 बजे सड़क हादसे में सुशील साह की मौत हो गई। वह सिदगोड़ा डालडा लाइन के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार सुशील बाइक से गोलमुरी की ओर से सिदगोड़ा जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई।


हादसे के बाद सुशील कुछ देर तक मौके पर ही पड़े रहे। सूचना मिलने पर गोलमुरी पुलिस पहुंची और उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
पुलिस को सुशील की जेब से मिले आधार कार्ड और पैन कार्ड के जरिए उनकी पहचान और घर का पता मिला। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस के मुताबिक सुशील का ट्रांसपोर्ट का कारोबार था, जो कोविड के दौरान ठप हो गया था और उसके बाद से वह परेशान रहने लगे थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।


