सुवर्णरेखा-खरकई अब भी खतरे के निशान से ऊपर, जलस्तर घटने से राहत; प्रशासन अलर्ट



जमशेदपुर : लगातार बारिश और ऊपरी इलाकों से छोड़े जा रहे पानी के कारण सुवर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। शाम 4 बजे तक मानगो पुल के पास सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर 121.56 मीटर दर्ज किया गया, जो 121.50 मीटर के खतरे के निशान से 0.06 मीटर ऊपर है। वहीं खरकई नदी का जलस्तर 130.60 मीटर रहा, जो 129 मीटर के खतरे के निशान से 1.60 मीटर अधिक है। हालांकि दोनों नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे नीचे आने से राहत की उम्मीद बढ़ी है।


दोनों नदियों के खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण जिला प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। तटीय और डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा गया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जलजमाव वाले इलाकों में जल निकासी सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर मोटर पंप से पानी निकालने के निर्देश दिए हैं। संबंधित नगर निकायों को अतिरिक्त संसाधन और मशीनरी तैयार रखने को भी कहा गया है।
संभावित प्रभावित लोगों के लिए चिन्हित आश्रय स्थलों पर भोजन, पेयजल, प्राथमिक उपचार, रोशनी और साफ-सफाई जैसी जरूरी सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिन इलाकों से पानी उतर रहा है, वहां जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव और फॉगिंग के साथ सड़कों, गलियों तथा सार्वजनिक स्थानों की सफाई कराने को कहा गया है।


