परीक्षा विवाद पर छात्रों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस से टकराव; कई छात्र अस्पताल पहुंचे






रांची : JPSC-JSSC परीक्षाओं को रद्द करने के आदेश पर हाईकोर्ट की रोक के बाद शुक्रवार शाम राजधानी में छात्र आंदोलन उग्र हो गया। ‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच’ के बैनर तले सैकड़ों छात्र मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से मुख्यमंत्री का पुतला लेकर अलबर्ट एक्का चौक की ओर निकले थे। जुलूस कचहरी चौक होते हुए जेपीएससी कार्यालय पहुंचा, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पहली नोकझोंक हुई। बाद में छात्रों को दूसरे मार्ग से आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।


स्टेट लाइब्रेरी के पास जुलूस के दौरान अचानक 8 से 10 युवक भीड़ में घुसे और छात्रों के हाथ से मुख्यमंत्री का पुतला छीनकर भागने लगे। छात्रों ने उन्हें पकड़कर पुतला वापस ले लिया। इस दौरान दो युवकों के साथ मारपीट भी हुई। मंच से जुड़े छात्रों ने आरोप लगाया कि पुतला छीनने वाले झामुमो कार्यकर्ता थे और छात्राओं के साथ भी कथित दुर्व्यवहार किया गया। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने हस्तक्षेप कर दोनों युवकों को भीड़ से बाहर निकाला।
इसके बाद पुलिस ने छात्रों को अलबर्ट एक्का चौक जाने से रोक दिया। शहीद चौक पर छात्रों ने पुतला जलाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। विरोध में छात्र सड़क पर बैठ गए, जिसके बाद दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हुई। रांची विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के पास पुलिस ने छात्रों के हाथ से पुतला छीन लिया और मंच के प्रतिनिधि कुणाल प्रताप को कुछ समय के लिए हिरासत में लिया गया। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान कुणाल प्रताप और छात्र प्रतिनिधि रवींद्र पासवान की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। छात्रों के अस्पताल पहुंचने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सदर अस्पताल पहुंचे। भीड़ बढ़ने पर अस्पताल के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए और पुलिस ने छात्रों को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। कुछ छात्र इमरजेंसी वार्ड तक पहुंच गए थे, जिन्हें पुलिस ने बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलने पर हटिया विधायक नवीन जायसवाल और भाजपा जिला अध्यक्ष वरुण साहू अस्पताल पहुंचे और घायल छात्रों से मुलाकात की। नवीन जायसवाल ने छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए। वहीं हंगामे के बाद सदर अस्पताल से अलबर्ट एक्का चौक तक बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि JPSC-JSSC परीक्षाओं से जुड़े मामले में राज्य सरकार ने हाईकोर्ट के समक्ष अपना पक्ष मजबूती से नहीं रखा। इसी कथित लापरवाही के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कार्यक्रम रखा गया था। दूसरी ओर सिटी डीएसपी केवी रमण ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा निर्धारित रूट का पालन नहीं किया और बिना अनुमति जेपीएससी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। पुलिस के अनुसार दूसरे गुट के लोगों से मारपीट और भीड़ को नियंत्रित करने की स्थिति बनने के बाद हल्का बल प्रयोग किया गया।


