वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर, वृद्धाश्रम पहुंचकर प्रधान जिला जज ने जाना हाल; स्वास्थ्य जांच और दवा वितरण भी






गुमला : विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) गुमला की ओर से सिलम स्थित वृद्धाश्रम में विधिक जागरूकता सह स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष डीएलएसए गुमला अजीत कुमार सिंह ने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं, जरूरतों तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान डीएलएसए के सचिव, स्थायी लोक अदालत के सदस्य शंभू समेत अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।


प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुमार सिंह ने वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकार, भरण-पोषण के अधिकार और निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर वरिष्ठ नागरिक जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान, सुरक्षा तथा अधिकारों की रक्षा करना समाज और प्रशासन दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों की टीम ने वृद्धाश्रम में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराई गईं और आवश्यक सामग्री का भी वितरण किया गया। प्रधान जिला जज ने वृद्धाश्रम के निवासियों से उनके सुख-दुःख और जरूरतों के बारे में बातचीत करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में प्रकाश कुमार पांडेय, पीएलवी राजेश सिंह, प्रेम कुमार शाह, तेतरू उरांव सहित डीएलएसए के अन्य पदाधिकारी, कर्मचारी और संबंधित लोग मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें स्वास्थ्य और कानूनी सहायता से जोड़ना रहा।


