अब मुफ्त होगी ब्रेन की महंगी जांच, अस्पताल में लगेंगी 2 EEG मशीनें






जमशेदपुर : कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम में जल्द ही दो EEG (इलेक्ट्रोएन्सेफेलोग्राम) मशीनें लगाई जाएंगी। इनके शुरू होने से मस्तिष्क से जुड़ी बीमारियों की सटीक जांच अस्पताल में ही हो सकेगी। आर्थिक रूप से कमजोर और दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को महंगी जांच के लिए निजी डायग्नोस्टिक सेंटर नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल में यह जांच मुफ्त उपलब्ध होगी।


अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा के अनुसार, दो EEG मशीनों के साथ कई अन्य चिकित्सा उपकरण भी खरीदे गए हैं। मशीनों को शिशु एवं मेडिसिन विभाग के पास स्थापित करने की योजना है, जिससे OPD और वार्ड में भर्ती मरीजों को तुरंत सुविधा मिल सके। शिशु रोग विभाग के डॉ. राघवेंद्र के मुताबिक, अस्पताल में प्रतिदिन कम से कम 20 मरीजों को EEG जांच की जरूरत पड़ती है। निजी केंद्रों में इसके लिए करीब 1500 से 3000 रुपये खर्च करने पड़ते हैं।EEG एक न्यूरोलॉजिकल जांच है, जिसमें मस्तिष्क की विद्युत गतिविधियों और ब्रेन वेव्स को रिकॉर्ड किया जाता है। मिर्गी के दौरे (सीजर्स), नींद से जुड़ी बीमारी और ब्रेन डैमेज जैसी स्थितियों के सही निदान में यह जांच महत्वपूर्ण मानी जाती है।


