टाटानगर में दो दर्दनाक हादसे, हाईटेंशन तार से झुलसे युवक की मौत; यार्ड में ट्रेन से कटकर गार्ड की जान गई






जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे क्षेत्र में दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक ट्रेन से उतरने के बाद पास खड़ी दूसरी ट्रेन की छत पर चढ़ गया था, जहां वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। हादसे के बाद उसे रेलवे अस्पताल ले जाया गया और गंभीर हालत को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।


दूसरी घटना बर्मामाइंस स्थित रेलवे यार्ड में हुई। साकची निवासी 58 वर्षीय रेलवे गार्ड बापी मजुमदार ड्यूटी के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए। बताया गया कि यार्ड में ट्रेन पीछे की ओर जा रही थी, इसी दौरान वह उसकी चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद RPF और GRP की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
दो अलग-अलग हादसों के बाद रेलकर्मियों और मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है। GRP ने रेलवे यार्ड की घटना को दुर्घटना बताया है और मामले से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं ट्रेन की छत पर चढ़ने और हाईटेंशन तार की चपेट में आने जैसी घटनाओं को लेकर रेलवे यात्रियों से लगातार सावधानी बरतने की अपील करता रहा है.


