मानसून फिर हुआ सक्रिय, 17-18 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट; 21 अगस्त तक बरसेंगे बादल

रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 16 अगस्त को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने 17 और 18 अगस्त को सबसे अधिक सतर्क रहने की सलाह दी है। इन दोनों दिनों में राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाओं की स्थिति भी बन सकती है। लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास रहने से बचने की सलाह दी गई है।
19 अगस्त से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, हालांकि कई जगह गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है। 20 अगस्त को कुछ क्षेत्रों में छिटपुट बारिश और बादल छाए रह सकते हैं, जबकि 21 अगस्त को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है। हालांकि 17 और 18 अगस्त की तुलना में बाद के दिनों में बारिश की तीव्रता कम रहने की संभावना जताई गई है।


