सोना देवी विश्वविद्यालय में SIR को लेकर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित



घाटशिला:सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला के स्वामी विवेकानंद सभागार में निर्वाचन आयोग/निर्वाचन शाखा के पदाधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों के बीच SIR (Special Intensive Revision) विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया तथा मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना था।


कार्यक्रम में निर्वाचन प्राधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी ने SIR के उद्देश्य एवं उसकी आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों की SIR से संबंधित विभिन्न भ्रांतियों और शंकाओं का समाधान करते हुए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा निर्धारित प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
निर्वाचन शाखा के अधिकारी श्री प्रशांत कुमार मिश्रा, सुश्री कोमल रानी एवं श्री दीपक कुमार पासवान ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में ऑनलाइन नाम जोड़ने के लिए आवेदन-पत्र भरने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने ऑनलाइन फॉर्म भरने के दौरान आने वाली सामान्य समस्याओं और उनके सरल समाधान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों की व्यक्तिगत समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
कार्यक्रम में निर्वाचन आयोग के BLO श्री सुकुल मार्डी एवं सुश्री नमिता दास की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को मतदाता सूची से संबंधित स्थानीय स्तर की प्रक्रियाओं एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. नीत नयना ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक योग्य नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण और मतदान प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
कुलपति प्रोफेसर डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुवा ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों एवं नागरिक दायित्वों की समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा देश के लोकतांत्रिक भविष्य की सबसे बड़ी शक्ति हैं। प्रत्येक योग्य विद्यार्थी को अपने मताधिकार का महत्व समझना चाहिए और मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय और जिम्मेदार भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सामाजिक विज्ञान संकाय की अध्यक्ष डॉ. कंचन सिन्हा ने निर्वाचन आयोग के पदाधिकारियों, विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं सभी विद्यार्थियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने संवैधानिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग बनाने में अत्यंत उपयोगी हैं।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय मतदाता बनने के संकल्प के साथ हुआ।


