छत से गिरे JMM नेता सुजीत कुजूर, हालत गंभीर; ICU में चल रहा इलाज



रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के युवा नेता और रांची नगर निगम के पूर्व मेयर प्रत्याशी सुजीत कुजूर बुधवार सुबह अपने घर की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें बरियातू स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें बताईं। हालत क्रिटिकल होने पर उन्हें ICU में भर्ती किया गया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रख रही है। सुजीत कुजूर के घायल होने की सूचना के बाद JMM के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और शुभचिंतक अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जान रहे हैं।सुजीत कुजूर ने इसी साल फरवरी में हुए रांची नगर निकाय चुनाव में JMM समर्थित मेयर प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था। वह इस चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे थे। उन्हें BJP समर्थित विजेता रोशनी खलखो और कांग्रेस समर्थित उपविजेता रमा खलखो से हार मिली थी। इसके बावजूद उन्होंने चुनाव में अपनी मजबूत राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराई थी।




