श्रावणी मेले में आस्था का सैलाब, 13वें दिन 2.79 लाख भक्तों ने चढ़ाया जल



देवघर : श्रावणी मेले के 13वें दिन मंगलवार को बाबा बैद्यनाथ की नगरी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सोमवार रात जलार्पण का समय समाप्त होने के बाद भी हजारों कांवरिये बाबा को जल नहीं चढ़ा सके थे। इसके कारण मंगलवार सुबह बीएड कॉलेज से आगे बरमसिया तक लंबी कतार लगी रही। पूरे दिन में 2,79,156 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया। कूपन व्यवस्था शुरू होने से भक्तों को काफी राहत मिली।मंगलवार को बाबा मंदिर का पट सुबह 3:05 बजे खोला गया और पारंपरिक पूजा के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए सुबह 4:15 बजे जलार्पण शुरू हुआ। 2,79,156 श्रद्धालुओं में 16,295 ने शीघ्रदर्शनम कूपन, 1,51,875 ने बाह्य अरघा और 1,10,986 भक्तों ने आंतरिक अरघा के माध्यम से जल चढ़ाया।




