हाथों में फूल, जुबां पर खामोशी… भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का अनोखा विरोध



रांची : JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन मंगलवार को 18वें दिन भी जारी रहा। ‘JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच’ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र और अभ्यर्थी हाथों में फूल लेकर मौन मार्च में शामिल हुए। जयपाल सिंह स्टेडियम से शुरू हुआ जुलूस अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचा। छात्रों ने नारेबाजी नहीं की और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता व सुधार की मांग शांतिपूर्ण तरीके से रखी। उनका कहना है कि आंदोलन किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा है।


JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्र 25 जुलाई से आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी कई परीक्षाओं को रद्द करने, आरोपों की निष्पक्ष जांच और परीक्षा प्रक्रिया में जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहे हैं। वे जांच CBI या राज्य के बाहर के उच्च न्यायालयों के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के पैनल से कराने की मांग भी कर रहे हैं। आंदोलन के दौरान छह छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं, जिनमें दो की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार को सरकार और JPSC-JSSC मंच के बीच छठे दौर की वार्ता भी हुई, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला.


