छात्र आंदोलन पर हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान, न्याय का भरोसा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई






रांची :विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में चल रहे छात्र आंदोलन पर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने आंदोलनरत छात्र-छात्राओं को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी मांगों और अधिकारों को लेकर गंभीर है। सीएम ने कहा कि छात्रों को न्याय मिलेगा और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें कठोर से कठोर सजा दी जाएगी। उन्होंने छात्रों से भरोसा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ है और उनके अधिकारों के सवाल पर संवेदनशीलता से काम कर रही है।हेमंत सोरेन ने छात्र आंदोलन और परीक्षा से जुड़े विवादों का जिक्र करते हुए कहा, “हम लोगों ने चोरी पकड़ ली है।” उन्होंने कहा कि छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है और सरकार उनके भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार सवा तीन करोड़ जनता के प्रति संवेदनशील है और पढ़े-लिखे, अनपढ़ या कम पढ़े-लिखे लोगों, महिलाओं, पुरुषों और बच्चों समेत सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा सकते हैं और उन्हें किसी राजनीतिक संरक्षण की जरूरत नहीं है।मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों को छात्र आंदोलन को राजनीतिक रंग नहीं देने की चेतावनी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए छात्रों को भ्रमित करने और सरकार के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश कर सकते हैं। सीएम ने कहा कि देशभर में राजनीतिक दलों की नजर युवाओं पर है और उन्हें झूठ-सच बताकर दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी बीच मोरहाबादी मैदान में 9 और 10 अगस्त को दो दिवसीय झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 आयोजित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया।




