8 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं, छात्रा की संदिग्ध मौत पर फूटा गुस्सा; प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम

कोवाली : पोड़ाडीहा गांव में 11वीं की छात्रा सोमवारी पुराण की संदिग्ध मौत को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया है। रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आक्रोश मार्च निकालकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। मार्च का नेतृत्व भाजपा नेत्री सह हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज और पोड़ाडीहा पंचायत की मुखिया दुखनी माई सरदार ने किया। ग्रामीणों ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

9 अगस्त को सोमवारी पुराण का शव पेड़ से लटका मिला था। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या मानते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था, लेकिन परिवार शुरू से ही हत्या की आशंका जता रहा है। परिजनों के अनुसार घटनास्थल से मिले एक नोट में सोनू नाम के युवक का उल्लेख है और छात्रा के मोबाइल से भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। उनका आरोप है कि घटना के आठ दिन बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
मुखिया देवी कुमारी भूमिज और दुखनी माई सरदार ने कहा कि अगले 24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण वरीय अधिकारियों से मिलकर न्याय की मांग करेंगे और इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। आक्रोश मार्च में ग्राम प्रधान गोपाल पुराण समेत गांव के सैकड़ों लोग शामिल हुए।


