मेयर संजय सरदार ने फहराया तिरंगा, आधुनिक शहर के विकास का रखा रोडमैप; पौधों के साथ लिया हरित आदित्यपुर का संकल्प






आदित्यपुर : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय परिसर में भव्य और गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। नगर निगम के मेयर संजय सरदार ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, नगर आयुक्त एजाज अनवर, सभी 35 वार्डों के पार्षद, निगम के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। राष्ट्रगान के बाद अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई।


ध्वजारोहण के बाद मेयर संजय सरदार ने नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शहर के विकास मॉडल पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र को आधुनिक और सुविधायुक्त शहर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का खाका तैयार किया जा रहा है। बुनियादी ढांचे, सड़क, जल निकासी और जनसुविधाओं को बेहतर करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संपूर्ण विकास के लिए जनभागीदारी जरूरी है और नगरवासियों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील की। डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने भी पार्षदों और आम जनता के साथ मिलकर क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों और कर्मचारियों के बीच पौधों का वितरण किया गया। इसके साथ ही हरित आदित्यपुर के निर्माण और शहर के समग्र विकास के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।


