छात्र आंदोलन पर राज्यपाल का बड़ा संदेश, बोले- CM की बात पर भरोसा रखें, संयम से निकालें समाधान






रांची :झारखंड में जारी JPSC छात्र आंदोलन के बीच राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आंदोलनरत छात्र-छात्राओं से संयम बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आश्वासन पर भरोसा रखने को कहा। राज्यपाल के मुताबिक मुख्यमंत्री छात्रों की समस्याओं को लेकर संवेदनशील हैं और आंदोलन को लेकर चिंतित भी हैं। सरकार समस्या का समाधान निकालने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपनी मांगों के लिए आंदोलन करने का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन समाधान के लिए संवाद का रास्ता अधिक प्रभावी हो सकता है।


राज्यपाल ने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और उग्र नहीं होने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर छात्रों को सरकार की कार्रवाई या बातचीत से संतुष्टि नहीं मिलती है, तो वे सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर अपनी मांगें रख सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र जरूरत पड़ने पर उनसे भी मुलाकात कर अपनी समस्याएं बता सकते हैं। संतोष कुमार गंगवार ने भरोसा दिलाया कि छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है और सरकार-प्रशासन उनके मुद्दों को गंभीरता से सुन रहे हैं। उनके संदेश में बातचीत और आपसी संवाद के जरिए समाधान निकालने पर खास जोर रहा।
राज्यपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने छात्रों को न्याय और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया है, इसलिए छात्रों को सरकार की कार्रवाई का इंतजार करते हुए संयम रखना चाहिए। उन्होंने छात्रों को आश्वस्त किया कि वे उनके साथ हैं और उनकी समस्याओं को समझने के लिए उपलब्ध हैं।


