बारिश में झूलता बांस बना जानलेवा खतरा, दोपहिया वाहन चालक हो रहे घायल



रामगढ़(बरकाकाना) :पतरातु-रामगढ़ मार्ग पर बारिश के दौरान सड़क की ओर झुकने वाले लंबे बांस हादसे का खतरा बढ़ा रहे हैं। ऊपर पोचरा से मां बंजारी मंदिर तक बारिश के मौसम में रोजाना ऐसी स्थिति देखी जा रही है। बांस सड़क से महज चार से पांच फीट की ऊंचाई पर झुक जाते हैं और कई बार चार पहिया वाहनों की छत से टकराते हैं। इसकी चपेट में आने से कई दोपहिया वाहन चालक घायल हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर प्रशासन से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था की मांग की जा रही है।बांस से बचने के लिए बड़े वाहन चालक अचानक वाहन की दिशा बदल देते हैं, जिससे पीछे से आ रहे वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। पतरातु-भुरकुंडा मार्ग से आने वाले बड़े वाहन नो-एंट्री के दौरान मां बंजारी मंदिर से ऊपर पोचरा तक सड़क के एक किनारे खड़े किए जाते हैं। बारिश होते ही बांस सड़क की ओर झुक जाते हैं, जिससे दूसरी दिशा से गुजरने वाले वाहनों के लिए खतरा पैदा हो जाता है। कई दोपहिया चालक इसकी चपेट में आकर चोटिल हो चुके हैं।




