शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि देने उमड़े झामुमो नेता, नारों से गूंजा परिसर

जमशेदपुर : झारखंड आंदोलन के पुरोधा शहीद निर्मल महतो को शनिवार को बिष्टुपुर स्थित चमरिया गेस्ट हाउस के सामने श्रद्धांजलि दी गई। ईचागढ़ विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, विधायक संजीव सरदार, विधायक समीर मोहंती और जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन समेत झामुमो के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहीद निर्मल महतो अमर रहे और जब तक सूरज-चांद रहेगा, निर्मल महतो तेरा नाम रहेगा जैसे नारे लगाए।


झामुमो के अलावा अन्य दलों और संगठनों के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे और प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। चमरिया गेस्ट हाउस के पास श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद सभी नेता और कार्यकर्ता नारे लगाते हुए कदमा उलियान स्थित समाधि स्थल की ओर रवाना हुए। इस मौके पर मोहन कर्मकार, राजू गिरी, सुमन महतो, आस्तिक महतो, प्रमोद लाल, शेख बदरुद्दीन, पवन सिंह, बारी मुर्मू, काबलू महतो, खुदू उरांव, महावीर मुर्मू, लालटू महतो, सागेन पूर्ति, प्रीतम हेंब्रम, सुशील हेम्ब्रम, अभय पांडेय और गोकुल मार्डी समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


