अस्पताल पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 3.27 करोड़ का जुर्माना, अवैध निर्माण हटाने का आदेश



धनबाद : धनबाद नगर निगम ने शहर के असर्फी अस्पताल पर अब तक की सबसे बड़ी भवन नियम उल्लंघन कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ 27 लाख 64 हजार 750 रुपये का जुर्माना लगाया है। जांच में पाया गया कि अस्पताल में स्वीकृत भवन मानचित्र से अधिक निर्माण, अतिरिक्त तल, पार्किंग नियमों का उल्लंघन और भवन उपविधियों से जुड़े अन्य अनियमित निर्माण किए गए हैं। इसके बाद निगम ने अस्पताल प्रबंधन को 1335.30 वर्गमीटर असमायोज्य अवैध निर्माण हटाने का आदेश दिया है।नगर निगम ने निर्धारित अवधि के भीतर जुर्माना जमा करने, स्वीकृत पार्किंग व्यवस्था बहाल करने और भवन की ऊंचाई 15 मीटर से अधिक होने के कारण फायर सेफ्टी एनओसी सहित सभी अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आदेश का पालन नहीं होने पर ध्वस्तीकरण, सीलिंग, बकाया राशि की वसूली और अन्य वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि निर्माण पुराने भवन उपविधियों के अनुसार किया गया था और गणना में त्रुटि सुधार के लिए अपील की जाएगी।




